क्राईम स्टोरी न्यूज़। दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के अनुमंडलीय अस्पताल रोड में शुक्रवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली चलाते ही मौके पर हड़कंप मच गया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची एक महिला को भी बदमाशों ने गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर भाग रहा एक बदमाश भीड़ के हत्थे चढ़ गया। भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि लोकनाथपुर बेलवाना निवासी पप्पू पासवान बाइक से इंडियन बैंक के पास पहुंचे थे। तभी बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोका और बहस शुरू कर दी। बात बिगड़ते ही एक बदमाश ने पप्पू के पैर में गोली मार दी। उसके बाद उसपर तीन-चार फायर कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुट गए। इसी बीच अनुमंडलीय अस्पताल रोड निवासी रमेश साह की पत्नी रेखा देवी बीच-बचाव करने आईं। बदमाशों ने उन्हें धमकाया, लेकिन रेखा देवी ने हार नहीं मानी। गुस्साए बदमाश ने उन्हें भी गोली मार दी, जो उनके हाथ में लगी। दोनों घायलों को शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया। पप्पू पासवान को कई गोली लगी। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनका इलाज जारी है। रेखा देवी की हालत स्थिर बताई जा रही है। इधर, गोली चलाकर भाग रहे एक बदमाश को ग्रामीणों ने घेर लिया। उसकी जमकर पिटाई की गई। पकड़े गए आरोपी की पहचान लोकनाथपुर निवासी बालेश्वर पासवान के पुत्र सन्नी कुमार (24) के रूप में हुई है। सूचना पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में भारी पुलिस बल पहुंची। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी विवेक कुमार शर्मा भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सन्नी से पूछताछ की और फरार बाकी दो बदमाशों की तलाश तेज कर दी।प्रारंभिक पूछताछ में यह पुरानी रंजिश का मामला बताया गया है। इसी रंजिश में बदमाशों ने गोलीबारी की साजिश रची। डीएसपी ने बताया कि मामले में जांच शुरू कर दी गई। घटना स्थल से फिलहाल 4 खोखा बरामद हुआ है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!